भोपाल( नेहा शेख ) में भदभदा चौराहे से रत्नागिरी तिराहे और करोंद से एम्स तक प्रस्तावित मेट्रो रूट के दोनों कॉरिडोर पर तीन पैकेज में काम चल रहा हैं, लेकिन तीनों ही पैकेज अपनी तय समयसीमा से काफी पीछे चल रहे हैं। फिलहाल एम्स से सुभाष नगर के बीच मेट्रो का संचालन हो रहा है। सुभाष नगर से करोंद के अंतिम स्टेशन तक एलिवेटेड कॉरिडोर का काम पहले दिसंबर 2026 तक पूरा होना था, मगर अभी तक मुश्किल से 35 फीसदी काम ही हो सका है, जिसके चलते यह अब दिसंबर 2027 तक पूरा हो पाने की संभावना है। वहीं इसी रूप पर भूमिगत हिस्से का करीब 65 से 80 प्रतिशत काम बाकी है। सितंबर 2027 तक पूरा होने वाला यह काम अब सितंबर 2008 तक खींच सकता है। इन हालातों और जगह-जगह बैरिकेडिंग व गड्ढों के कारण लोगों को रोजाना मेट्रो के काम से होने वाले जाम में 30 से 45 मिनट तक फंसना पड़ रहा है और करीब दो साल तक राहत मिलने के आसार कम हैं।
मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एमडी एस. कृष्ण चैतन्य के अनुसार यूटिलिटी शिफ्टिंग, भूमि अधिग्रहण और निर्माण हटाने में हुई देरी के कारण तीनों पैकेज का काम देर से शुरू हो पाया और प्रगति भी धीमी रही। अब जून 2028 तक प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, हालांकि बड़ी बाधाएं समय पर दूर न होने पर समय सीमा और आगे बढ़ सकती है।
टीबीएम में बार-बार खराबी, सितंबर 2028 तक बढ़ सकता है टनल का काम: ऐशबाग से सिंधी कॉलोनी के बीच भोपाल स्टेशन और नादरा बस स्टैंड से गुजरती हुई ट्विन टनल बनाई जानी है। दोनों सुरंगों को मिलाकर लगभग 6.78 किलोमीटर खुदाई की जानी है। शहरी क्षेत्रों में टनल बोरिंग मशीन की मानक गति प्रतिदिन 8 से 10 मीटर होती है, जिसके हिसाब से एक मशीन हर महीने 250 से 300 मीटर तक सुरंग खोद सकती है। इस आधार पर यदि दो टीबीएम अलग-अलग सुरंगों में एक साथ काम करें, तो खुदाई में 12 से 14 महीने लगने चाहिए। 30 मार्च 2026 को खुदाई की शुरुआत हुई थी और मानक गति से साढ़े सात महीनों में दोनों मशीनों को 3.5 से 4 किलोमीटर खुदाई का लेनी चाहिए थी, लेकिन दोनों सुरंगो में मिलकर सिर्फ 500 मीटर की खुदाई हो सकी है। पुरानी मशीनों के बार-बार खराब होने से 15-15 दिन तक काम ठप रहने के कारण यह काम सितंबर 2028 तक खींच सकता है।
ब्लू लाइन में दो साल में महज 25% काम, बैरिकेडिंग के बीच धीमी रफ्तार
भदभदा चौराहे से रत्नागिरी तिराहे तक 12.91 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो रूट के लिए दिसंबर 2024 में वर्क ऑर्डर जारी किया गया था। एफकॉन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर को इस रूप पर 13 स्टेशन बनाने है। गोविंदपुरा, जेके रोड और पिपलानी क्षेत्र में कुछ पिलर और गर्डन लगाए जा चुके है, लेकिन भदभदा से रोशनपुरा और लिली टॉकीज से प्रभात चौराहे के बीच काम काफी धीमा है। कई स्थानों पर सड़कें घेरने के बाद आगे का निर्माण नहीं बढ़ पाया है। कंपनी ने मुख्य सड़कों के बड़े हिस्से को बैरिकेडिंग लगाकर घेरा हुआ है। नियमों के मुताबिक इतनी ही चौड़ी वैकल्पिक सड़क उपलब्ध कराने की ज़िम्मेदारी ठेकेदार की है, लेकिन रोशनपुरा, लिली टॉकीज और प्रभात चौराहे समेत कई जगह तय चौड़ाई के मार्ग नहीं बन पाए, जिससे प्रतिदिन लंबा जाम लग रहा है।
Lok Jung News Online News Portal