भोपाल( नेहा शेख ) में किसानो के बेटे का अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में उम्रक़ैद की सजा काट रहे एक बंदी को चार साल बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी अरूण मीना(25) पैरोल पर बाहर आने के बाद वापस जेल नहीं लौटा था और चार साल से अलग-अलग जगहों पर छिपकर रह रहा था।
जेल प्रशासन को गुरुवार रात खबर मिली कि अरुण रातिबड़ के समसगढ गांव में अपने मित्र हेमंत तिवारी के घर पर छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही जेल उप अधीक्षक मनु सिंह मरावी और सहायक जेल अधीक्षक दिनेश सुरेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गुरुवार रात करीब 12 बजे केंद्रीय जेल भोपाल की टीम ने दबिश दी। टीम के पहुँचते ही आरोपी बाथरूम में छिप गया, जहां से उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे केंद्रीय जेल भोपाल दाखिल कर दिया गया हैं। इस कार्रवाई की टीम में विनय बघेल, अजय यादव और दिनेश दांगी आदि शामिल थे।
जांच और रिकॉर्ड के अनुसार, अरुण ने साल 2016 में खामखेड़ा गांव के साथी के साथ मिलकर एक किसान के बेटे का अपहरण किया था। इस प्रकरण में 27 जून 2019 को अदालत ने उसे दोषी ठहराये हुए दो मामलों में आजीवन कारावास और सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। साथ ही 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया था, जिसकी अदायगी न करने पर तीन साल का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतान तय किया गया था।
आरोपी को 11 नवंबर 2022 को 14 दिन की पैरोल और दो दिन की अतिरिक्त अवधि के लिए रिहा किया गया था। उसे 26 नवंबर 2022 को बाकी सजा पूरी करने के लिए वापस जेल लौटना था, लेकिन वह हाजिर नहीं हुआ। इसके बाद उनके खिलाफ गांधीनगर थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया था। फरार रहने के दौरान वह गिरफ्तारी से बचने के लिए कभी जंगलों में छिपता रहा तो कभी होटल में नौकरी कर ठिकाने बदलता रहा।
Lok Jung News Online News Portal