भोपाल:( नेहा शेख ) राजधानी भोपाल में पिछले 10 महीनों से नए एलपीजी कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। शहर के करीब 25 हजार से अधिक और पूरे मध्य प्रदेश में 2.5 लाख से ज्यादा आवेदक नए घरेलू गैस कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। इस प्रशासनिक सुस्ती का सीधा फायदा अवैध गैस रिफिलिंग सीडिंकेट उठा रहा है। रिहायशी इलाकों और स्थानीय बाज़ारों में बेखौफ तरीके से 200 रुपये प्रति किलों के हिसाब से रसोई गैस बेची जा रही है, जिससे आम जनता की जेब पर भारी बोझ पड़ने के साथ-साथ गंभीर हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
स्टिंग ऑपरेशन: बेखौफ जारी है रिफिलिंग का काला खेल
अशोक गार्डन: चूल्हा रिपेरींग की दुकान की आड़ में खुलेआम गैस रिफिलिंग की जा रही है। स्टिंग के दौरान जब रिपोर्ट ने छोटे सिलेंडर में 1 किलो गैस मांगी, तो दुकानदार ने बिना किसी हिचकिचाहट के 200 रुपये प्रति किलो का भाव बताया। महंगाई पर सवाल उठाने पर दुकानदार ने तर्क दिया की उन्हें खुद ब्लैक में 2200 रुपये का बड़ा सिलेंडर मिलता है।
शाहजहाँनाबाद: एक दुकानों के पिछले हिस्से में केबिन बनाकर रिफिलिंग का अवैध ढांचा तैयार किया गया है। दुकान में दाखिल होने पर भले ही गैस की गंध महसूस होती है, लेकिन मुख्य काउंटर पर कोई सिलेंडर नहीं दिखता। केबिन के भीतर बड़े सिलेंडर से इलेक्ट्रिक मशीन की मदद से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जाती है और तुरंत बाहर सप्लाई कर दी जाती है। दाम में कटौती की गुंजाइश मांगने पर किल्लत का हवाला देकर मना कर दिया जाता है। वहीं थाना निशातपुर से कुछ पहले दो गैस दुकानदारो के यहां भी अवैध रूप से गैस रिफलिंग की खबर है यहां पूर्व मे फूड इंस्पेक्टर छापे की कार्यवाही भी कर चुके है
पुराना शहर: काजी कैंप और छोला मंदिर क्षेत्र की तंग दुकानों में भी यह धंधा बेरोकटोक जारी है। दूकानदारों के अनुसार, 200 रुपये प्रति किलो गैस के आलावा 5 किलो का खाली लोकल सिलेंडर 750 रुपये और रेगुलेटर 150 रुपये में अलग से बेचा जा रहा है।
अवैध रिफिलिंग सिंड़िकेट को गैस एजेंसियों के हॉकर्स द्वारा ब्लैक में सिलेंडर मुहैया कराए जा रहे है। आधिकारिक तौर पर जिस सिलेंडर की कीमत 1500 से 1600 रुपये है, उसे हॉकर द्वारा 2200 रुपये में बेचा जाता है। रिफिलिंग माफिया एक बड़े सिलेंडर से 20 से 30 छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर ऊंचे दामों पर बेचता है, जिससे एक बड़े सिलेंडर पर करीब 1000 रुपये तक की अवैध कमाई की जा रही है।
Lok Jung News Online News Portal