भोपाल : 06/01/2025 : मुख्यमंत्री की लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत आने वाली 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में डाली गई राशि 3 हज़ार से अधिक लाड़ली बहनों तक नहीं पहुँच पाई है | इस योजना में पंजीकृत बहनें कई बार सीएम हेल्पलाइन पर किस्त न पहुंचने की शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पा रहा है | कई महिलाएं ऐसी हैं जिनके खाते में शुरू के तीन महीने राशि आई और फिर किस्त आना बंद हो गई और कई महिलाओं के खाते में दिसंबर की किस्त नहीं पहुंची है | नगर-निगम कार्यालय पहुँचकर राशि न आने का कारण जानना चाहो तो समग्र आईडी में गड़बड़ी बताकर लौटा दिया जाता है | लाड़ली बहनें हर महीने मिलने वाली किस्त न आने से परेशान हैं | कई महिलाओं के खातों में तो एक बार भी राशि नहीं डाली गई जबकि सरकार पोर्टल पर पंजीकृत बहनों के खातों में 1613 करोड़ से अधिक राशि पहुंचनी चाहिए, लेकिन सरकारी आंकड़े तो सिर्फ 1573 करोड़ रु. ट्रांसफर करने का प्रचार कर रहे हैं | यानी तीन लाख से अधिक बहनों के खातों में राशि नहीं डाली गई | अधिकतर बहनें इसकी कई बार शिकायतें कर चुकी हैं लेकिन इन्हें योजना का लाभ क्यों नहीं मिल रहा है ये बताना कोई ज़रूरी नहीं समझता |
Lok Jung News Online News Portal