भोपाल : 16/01/2025 : आयकर विभाग की कार्यवाही के तहत खाद्द मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सगे संबंधियों पर भी आयकर ने शिकंजा कसा है | दरअसल, राजपूत के साले हिमांचल सिंह राजपूत, करतार सिंह राजपूत, सविता बाई राजपूत, प्रथमेश राजपूत और शुभम के नाम पर 1 अप्रैल 2022 से पहले जितनी भी संपत्ति का पंजीयन किया गया है उसकी जांच आयकर विभाग द्वारा की जाएगी | आयकर ने बेनामी संपत्ति के लेन-देन को रोकने वाले कानून के तहत इन ज़मीनों की जांच शुरू की है | डीसीआईटी अंजन कुमार ने सागर जिला प्रशासन से पूरी संपत्ति की जानकारी मांगी है | जिसके बाद खुरई तहसीलदार ने ज़मीनों की तमाम जानकारी आयकर विभाग को भेज दी है | यह करीब 195 एकड़ जमीन है | इसमें 50 एकड़ के करीब वह जमीन है जो गोविंद सिंह उनकी पत्नी और बेटे को दान में दी गई या उन्हें बेची गई है | दान की ज़मीनों का पहले विवाद भी हो चुका है, जब इसकी शिकायत हुई तो रिश्तेदारों ने जो जमीन मंत्री व उनकी पत्नी को दान में दी थी उसे वापस कर दिया गया | आयकर इसकी भी जांच करेगा कि इस जमीन पर दस सालों में कौन कौन सी फसल उगाई गई है, पैदावार से जुड़ा उसका हर साल का दस्तावेज़ भी सागर जिला प्रशासन ने आयकर विभाग को भेजा है | अब इससे पता लगाया जाएगा कि खेती से कितनी कमाई की गई है |
Lok Jung News Online News Portal