जावरा ( नेहा शेख )गुजरात के वापी में तैनात सेंट्रल जीएसटी सुपरिटेंडेंट की कार जावरा के पास दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्स्प्रेस-वे से नीचे गिर गई, जिससे भीषण हादसे में अधिकारी, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के अंदर रखे एक बैग से करीब 54 लाख 50 हज़ार रुपए की नकदी और लाखो रुपए के आभूषण मिले हैं। पुलिस ने इन सभी कीमती सामानों को विडियोग्राफी के साथ जब्त कर आयकर विभाग को सूचित कर दिया हैं।
टीआई सुमित मिश्रा के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे सदाम सादाखेड़ी रोड के ओवरपास के पास हुई। सेंट्रल जीएसटी सुपरिटेंडेंट प्रवीण मीना(उम्र 40 वर्ष), उनकी पत्नी संतोष, और बेटे आदित्य (10) व अथर्व (7) इस दुर्घटना में घायल हुए हैं। अधिकारी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, और अभी तक वे बयान देने की स्थिति में नहीं हैं, जिससे हादसे का सटीक कारण सामने नहीं आ सका है।
रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया की शुरुआती तौर पर बैग में लगभग 54 लाख रुपए नकद होने की पुष्टि हुई हैं। उनका परिवार मूल रूप से राजस्थान के गंगापुर सिटी का रहने वाला है और दिवाली की छुट्टियों में घर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस की पहली प्राथमिकता घायलों का इलाज करवाकर उनकी जान बचाना है।
Lok Jung News Online News Portal