भोपाल : 27/12/2024 : तकनीकी पदों पर बार-बार प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति करना न केवल नियम विरुद्ध है बल्कि असंवैधानिक है | 3 मई 2023 को किए गए आंदोलन के बाद सरकार ने स्पष्ट किया था कि वे तकनीकी पदों पर प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति नहीं करेंगे | हाईकोर्ट ने पूर्व में पदस्थ भ्रष्ट अधिकारियों को तत्काल हटाने के लिए कहा तो मप्र के स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने नर्सिंग काउंसिल में अध्यक्ष के पद पर प्रमोटी आईएएस अफसर मनोज सरेयाम, रजिस्ट्रार के पद पर संयुक्त कलेक्टर केके रावत और डिप्टी रजिस्ट्रार के पद पर चंद्र्प्रकाश शुक्ला को नियुक्ति दे दी | इन नियुक्तियों से प्रदेश के चिकित्सा महासंघ ने जमकर विरोध जताया | दरअसल, नर्सिंग काउंसिल में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते हटाए गए सीपी शुक्ला को दोबारा डिप्टी रजिस्ट्रार के पद पर नियुक्त किया गया है | यह फ़ैसला न केवल नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल उठाता है, बल्कि सरकार की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है | ऐसे विवादित व्यक्ति को दोबारा पद देना यह जाहिर करता है कि नर्सिंग शिक्षा और प्रशासन में सुधार की जगह भ्रष्टाचार को संरक्षित किया जा रहा है | भ्रष्टाचार की कई शिकायतों और हाईकोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच होने के बावजूद वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा यहाँ बेदाग अफसरों की नियुक्ति नहीं कर पा रहे हैं |
