भोपाल ( कशिश मालवीय ) इस साल शहर के भोपालवासियों ने दिवाली पर रिकॉर्ड तोड़ जमकर आतिशबाज़ी की | जिससे 20 – 21 की रात पटाखों की आतिशबाज़ी के चलते 5 से 10 गुना प्रदूषण बढ़कर दीवाली की रात पीक पर पहुंच गया था | रात में जब आतिशबाजी शुरू हुई तब पीएम 2.5 का स्तर 65 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था , पर रात 12 बजे के लगभग यह 547 तक पहुंच गया था | कलेक्ट्रेट कार्यालय में तो यह पीक 680 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया था |
इंदौर की बात करें तो आतिशबाजी के कारण रात को यहां एक्यूआई 323 तक पहुंच गया था | नगर निगम ने तत्काल पानी का छिड़काव कराया जिससे सुबह तक यह घटकर 156 पर आया हवा कुछ हद तक साफ हुई |
औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स ( एक्यूआई ) की बात करें तो यह भी पिछले साल से 17 % अधिक रहा | पिछले साल भोपाल का औसत एक्यूआई 194 था जो इस बार 235 रिकॉर्ड किया गया | यह खराब श्रेणी में आता है |
पटाखा व्यापारी संघ के अध्यक्ष आसनलाल चंदनानी के अनुसार , इस बार 10 करोड़ रू. का कारोबार हुआ , जो पिछले साल के 9 करोड़ की तुलना में 10 % ज्यादा है |
दीपावली की रात हवा की गति केवल 8 से 10 किमी / घंटा रही | समान्यत: यह 40 किमी होती | ठंडी और स्थिर हवा के कारण धुआं ऊपर नहीं उठा , जमीन के पास ही जमा हो गया |
दीपावली की रात फॉगिंग और पानी का छिड़काव केवल 19 वाहनों से किया गया |
Lok Jung News Online News Portal