भोपाल : 24/01/2025 : गुरुवार को 2900 मीटर लंबे डॉ. भीमराव आंबेडकर (जीजी फ्लाईओवर) पर ट्रैफिक शुरू होने के बाद गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर की दूरी सामान्य गति से करीब 5 मिनट में पूरी हो गई | हालांकि सड़क के रास्ते इतनी ही दूरी में 14 मिनट लग रहे हैं | जीजी फ्लाईओवर तो बनकर तैयार हो गया, लेकिन इसमें कई खामियां देखी गईं | डीबी सिटी रोटरी होते हुए वल्लभ भवन चौराहा पहुँचने पर वाहनों की रफ्तार कम करने के इरादे से ब्रेकर बना दिए, लेकिन ये ब्रेकर चढ़ाई पर लगाए गए हैं, जो किसी हादसे का सबब बन सकते हैं | यहाँ फ्लाईओवर से उतरने वाला ट्रैफिक और रोटरी होकर आने वाला ट्रैफिक ग्रीन सिग्नल पर एक साथ कोर्ट की तरफ बढ़ने से लोड अधिक बढ़ रहा है | इधर फ्लाईओवर की सड़क पर आरकेएमपी स्टेशन के सामने क्रेक नजर आ रहे हैं, जो सैंकड़ों की संख्या में हैं | वहीं गायत्री मंदिर वाली आर्म के पास जहां सीएम ने फ्लाईओवर का लोकार्पण किया वहीं आमने-सामने दो बोर्ड लगे हैं | एक पर लागत 126 और दूसरे पर 140 करोड़ रुपए लिखी है, उधर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने लागत तकरीबन 154 करोड़ रु. बताई है | अलग-अलग लागत बताने वाले बोर्ड लोकार्पण के बाद चर्चा का विषय बने हुए हैं | हालांकि जानकारों का कहना है कि कुल लागत जीएसटी को जोड़कर 154 करोड़ रु. है |
