भोपाल ( कशिश मालवीय ) मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में हवाला कारोबारी से 2.96 करोड़ रुपए की लूट के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मंगलवार को लखनवाड़ा थाने में सभी निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती , अपहरण और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर एसडीओपी पूजा पांडेय समेत 9 पुलिसकर्मियों को छठवें दिन गिरफ्तार किया गया |
गिरफ्तार किए गए पुलिसकर्मियों में एसडीओपी पूजा पांडेय , ,प्रधान आरक्षक माखन इनवाती , एसआई अर्पित भैरम , आरक्षक जगदीश यादव , योगेंद्र चौरासिया, गनमैन केदार बघेल , सुभाष सदाफल , चालक रितेश और नीरज शामिल हैं | वहीं राजेश जंघेला और रविन्द्र उईके अभी फरार हैं पुलिस की टीमें उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं |
जबलपुर के एएसपी आयुष गुप्ता की अगुवाई में गठित विशेष जांच टीम ( एसआईटी ) ने अपनी जांच रिपोर्ट सौंपी , जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई | हवाला राशि से जुड़ी विस्र्तत जांच जबलपुर क्राइम ब्रांच कर रही है | बता दें कि 8 अक्टूबर को हवाला की राशि ला रहे कारोबारियों से पुलिस ने लूट की थी | इधर , बालाघाट में पुलिस का एक और नए आरोप का मामला सामने आया कोतवाली थाना के मालखाने से 55 लाख रुपए नकद और करीब 10 लाख रुपए के सोने – चांदी के जेवर गायब हो गए यह माल ठगी के मामलों में बरामद किया गया था | जांच में पता चला कि मालखाना प्रभारी प्रधान आरक्षक राजीव पंद्रे ने अमानत में खयानत की , कोर्ट के आदेश पर जब फरियादी माल लेने थाने आई तो पंद्रे ने खुद को अंदर बंद कर लिया और पंखे से लटककर अत्महत्या की कोशिश की | साथी पुलिसकर्मियों ने उसे समझा – बुझाकर बाहर निकाला मालखाने की जांच में लाखों रुपए और जेवरात गायब पाए गए | पुलिस ने तत्काल भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत पंद्रे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया | आईजी संजय कुमार ने बताया कि अब तक 40 लाख रुपए बरामद किए जा चुके हैं , जबकि बाकी राशि और जेवर की तलाश जारी है | सूत्रों के अनुसार पंद्रे जुए का शौकीन था और सिवनी और महाराष्ट्र के गोंदिया तक जाकर बड़े दांव खेलता था | शक है कि गायब 15 लाख रुपए और जेवर उसने जुए में हार दिए होंगे |
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून – व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा करना पुलिस का पहला कर्तव्य है जो पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य से भटकेंगे , उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा | उन्होंने कहा कि सिवनी प्रकरण में दोषियों पर सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कारवाई की जाएगी | मुख्यमंत्री ने दोहाराया कि प्रदेश में कानून सबके लिए समान है – चाहे वह आम नागरिक हो या अधिकारी सरकार सुशासन के लिए लगातार काम कर रही है |
Lok Jung News Online News Portal